सागर, 10 जुलाई 2025
सागर जिले के देवरी नगर में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका कार्यालय परिसर में एक करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया। यह मगरमच्छ कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन पार्क के पास आकर बैठ गया था, जिसे देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे मगरमच्छ को पहली बार सुखचैन नदी के पुल के पास देखा गया, जो देवरी नगर के मध्य से बहती है। नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण मगरमच्छ बहकर नगर की ओर आ गया और रात करीब 12 बजे वह नगर पालिका कार्यालय परिसर में पहुंच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका प्रबंधन ने वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचित किया, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था। वन विभाग की टीम जब मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, उस दौरान मगरमच्छ ने कई बार टीम पर झपट्टा मारने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, टीम ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सुखचैन नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे मगरमच्छ नगर की ओर बहकर आ गया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए जल निकायों के किनारे सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं। नगर पालिका ने भी लोगों से अपील की है कि बारिश के दिनों में जलाशयों और नालों के आसपास सतर्क रहें और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।