साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन!

Spread the love

हैदराबाद – साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और लोकप्रिय खलनायक कोटा श्रीनिवास राव का आज हैदराबाद में निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के जुबली हिल स्थित अपने आवास पर तड़के सुबह अंतिम सांस ली। अभिनेता 83 वर्ष के थे और बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। महज दो दिन पहले ही, 10 जुलाई को उन्होंने अपना 83वां जन्मदिन मनाया था।

कोटा श्रीनिवास राव दक्षिण भारतीय सिनेमा का एक जाना-पहचाना चेहरा थे, जिन्होंने अपने चार दशकों के करियर में 750 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वह मुख्य रूप से विलेन और कैरेक्टर रोल्स के लिए जाने जाते थे। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में सन ऑफ सत्यमूर्ति, टेंपर, येवडू, सरकार, रक्त चरित्र और बागी जैसी फिल्में शामिल हैं। हिंदी, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में उनकी दमदार उपस्थिति रही। वर्ष 2015 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे चिरंजीवी

अभिनेता के निधन की खबर फैलते ही फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सुपरस्टार चिरंजीवी ने हैदराबाद पहुंचकर कोटा श्रीनिवास के अंतिम दर्शन किए और उनके परिवारजनों को गले लगाकर शोक संवेदना व्यक्त की।

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी रही सशक्त

कोटा श्रीनिवास न सिर्फ एक कुशल अभिनेता थे, बल्कि वे एक सक्रिय राजनेता भी रहे। वर्ष 1999 से 2004 तक उन्होंने विजयवाड़ा ईस्ट से विधायक के रूप में जनता की सेवा की।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों ने जताया शोक

रेवंत रेड्डी (मुख्यमंत्री, तेलंगाना):

“प्रख्यात अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव गरु के निधन से गहरा सदमा पहुंचा है। फिल्म उद्योग के लिए उनका न होना एक अपूरणीय क्षति है। हालांकि कोटा गरु अब शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने जो भूमिकाएं निभाईं, उनके माध्यम से वे तेलुगु लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले। मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

एन. चंद्रबाबू नायडू (मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश):

“लगभग चार दशकों तक सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में कोटा श्रीनिवास राव का कलात्मक योगदान अमूल्य है। उनकी निभाई गई अनगिनत यादगार भूमिकाएं दर्शकों के दिलों में सदा जीवित रहेंगी। उनका निधन न केवल फिल्म उद्योग बल्कि सामाजिक जीवन के लिए भी एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार को गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।”

आखिरी फिल्म रही ‘कब्जा’

कोटा श्रीनिवास को आखिरी बार वर्ष 2023 की फिल्म ‘कब्जा’ में देखा गया था, जिसमें उपेंद्र राव, किच्चा सुदीप, श्रिया सरन और राजकुमार जैसे कलाकार शामिल थे।

अंतिम संस्कार आज

कोटा श्रीनिवास राव का अंतिम संस्कार आज हैदराबाद में किया जाएगा। उनके निधन से दक्षिण भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। अभिनय के हर रंग में दर्शकों को प्रभावित करने वाले कोटा श्रीनिवास राव की स्मृति हमेशा जीवित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *