सागर। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में सागर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई संभागीय समीक्षा बैठक में खुरई विधायक व पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख विकास कार्यों को लेकर अहम मुद्दे उठाए।

विधायक श्री सिंह ने जरुआखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण करने, राहतगढ़-खुरई-खिमलासा स्टेट हाईवे क्रमांक 62 के 47.60 किमी मार्ग को टू लेन पेव्ड शोल्डर के रूप में चौड़ीकरण और उन्नयन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यह मार्ग जिले की चार तहसीलों को जोड़ने के साथ-साथ बीना रिफाइनरी व औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ा है, जिससे इसका महत्व अत्यधिक है।
इसके अलावा उन्होंने बांदरी व गढ़ौला सीएम राइज स्कूल भवनों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। बैठक में मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण कराया जाए।