टाइगर रिजर्व में वन श्रमिक पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर डंडों से पीटा !

Spread the love

नौरादेही टाइगर रिजर्व के भीमसेन कैंप में वन सुरक्षा श्रमिक पर हमला, तस्करी की रंजिश की आशंका
छह बदमाशों ने मिर्च पाउडर डालकर की लाठी से पिटाई, जंगल में फेंककर भागे

सागर। नौरादेही रेंज स्थित भीमसेन कैंप में रविवार रात छह बदमाशों ने वन सुरक्षा श्रमिक भूपत ठाकुर (19) पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर लाठियों से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर जंगल में फेंक दिया।

भूपत ठाकुर के मुताबिक, वह कैंप की दूसरी मंजिल पर था, तभी तीन बाइकों पर सवार युवक पहुंचे और पानी मांगा। जब वह नीचे पानी देने गया तो दो युवक ऊपर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले के बाद बीट गार्ड जयपाल बेगा और चौकीदार अरविंद गौड़ ने मौके पर पहुंचकर उसे देवरी अस्पताल पहुंचाया।

डिप्टी रेंजर सुरेश गौंड ने बताया कि 15 मई को नरसिंहपुर में सागौन की तस्करी पकड़ने की घटना से यह हमला जुड़ा हो सकता है। एक आरोपी की पहचान हो चुकी है, तलाश जारी है।

हमले में भूपत को हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *