
कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले में अवैध रूप से खाद-उर्वरक के भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने हेतु प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को देवरी एसडीएम मुनव्वर खान के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए शहजपुर रोड स्थित एक खाद भंडार केंद्र को सील कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्म सुरेश कुमार तनय दरबारीलाल जैन, जो कि अधिकृत खाद विक्रेता है, द्वारा अपने दुकान के भंडारण कक्षों में बड़ी मात्रा में डीएपी, एसएसपी और पोटाश का अवैध रूप से संग्रहण किया गया था। जब टीम ने मौके पर जांच की, तो खाद की आवक से संबंधित कोई रसीद या प्रमाण उपलब्ध नहीं पाया गया। साथ ही, पीओएस मशीन में भी इन उर्वरकों की आवक प्रदर्शित नहीं हो रही थी। ऐसे में यह स्पष्ट हो गया कि खाद का भंडारण नियमों के विरुद्ध और बिना वैधानिक प्रक्रिया के किया गया है।
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि कलेक्टर के सख्त निर्देश हैं कि जिले में किसी भी स्तर पर उर्वरकों की कालाबाजारी या अवैध संग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। इसी निर्देश की पालना में राजस्व, कृषि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। फिलहाल भंडारण केंद्र को सील कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से खाद माफियाओं में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने संकेत दिया है कि ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी।