सिवनी में दो मासूम भाइयों की अपहरण के बाद गला रेतकर हत्या !

Spread the love

सिवनी जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो मासूम भाइयों मयंक (9) और दिव्यांश (6) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों बच्चे मंगलवार शाम से लापता थे और बुधवार को अंबा माई के जंगल में उनके शव मिले। शवों को छिपाने के लिए पत्थरों से ढंका गया था।

कोतवाली थाना प्रभारी किशोर वामनकर के अनुसार, बच्चों की मां पूजा ढाकरिया ने मंगलवार रात गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह शाम 5 बजे घर से काम पर निकली थीं, तब बच्चे घर में अकेले थे। रात 8 बजे लौटने पर बच्चे गायब मिले।

बुधवार दोपहर 2 बजे पुलिस ने अंबा माई के जंगल में बच्चों के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में हत्या में किसी परिचित के शामिल होने का संदेह है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के जरिए साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, बच्चों के माता-पिता का तलाक हो चुका है और वे मां के साथ रह रहे थे।

घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *