नवादा में मंगलवार को एक महादलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई, जब युवती लखनऊ से इलाज कराकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। अपराधियों ने उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाकर गैंगरेप किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, युवती लखनऊ में इलाज के बाद गयाजी में रिश्तेदार के घर रुकी थी। मंगलवार सुबह 8:30 बजे वह नवादा के सद्भावना चौक पहुंची और ई-रिक्शा से घर के लिए निकली। रास्ते में चालक ने अपने दो साथियों को बुलाया और चौथे व्यक्ति के साथ मिलकर रसूलनगर के एक सुनसान घर में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपियों ने युवती का मोबाइल छीनकर उसे भगा दिया।
सदर एसडीपीए-1 हुलास कुमार ने बताया कि आरोपी मुमताज मंसूरी, मोहम्मद समीर, मोहम्मद अरमान और मोहम्मद साबिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सभी नवादा के नगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस साक्ष्य जुटाकर स्पीड ट्रायल के तहत सजा दिलाने का प्रयास करेगी। युवती पुलिस सुरक्षा में है।