खिलचीपुर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने गुरुवार शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने भाटखेड़ा, थाना छापीहेड़ा निवासी राजेश दांगी पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता के अनुसार, राजेश ने 17 जून से 15 जुलाई 2025 के बीच कई बार उसके घर में घुसकर धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। बाद में उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज की। खिलचीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश दांगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया है, साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।