भोपाल के बागसेवनिया थाने में तैनात ASI बृजेश मिश्रा पर युवक और दो युवतियों से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। शुक्रवार शाम 5 बजे थाने के सामने कार शोरूम में काम करने वाले आकाश तिवारी, रितु सिंह परमार और अंजलि मिश्रा चाय पीने गए थे। निकलते समय आकाश का पैर ASI से टकरा गया, जिससे भड़के मिश्रा ने आकाश को चांटा मारा और बेरहमी से पीटा। बचाने आई युवतियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की।

पीड़ितों का आरोप है कि ASI ने आकाश को थाने में घसीटकर पीटा और गालियां दीं। रितु ने बताया कि वे मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी हंसते रहे। आकाश को आधे घंटे बाद छोड़ा गया, लेकिन धमकी दी गई कि शिकायत करने पर करियर और परिवार को नुकसान पहुंचेगा। पीड़ितों ने सीएम हेल्पलाइन और डीसीपी जोन-2 के कार्यालय में शिकायत की है।
घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। बागसेवनिया थाना TI अमित सोनी ने कहा कि पैर टकराने पर कहासुनी हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पीड़ित शनिवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत करेंगे।