सागर जिले के शाहपुर में एक खाद विक्रेता द्वारा अवैध भंडारण और अधिक कीमत पर खाद बेचने का मामला सामने आया है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि संयम जैन के सत्यम ट्रेडर्स में डीएपी और पोटाश का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना पर एसडीएम अदिति यादव ने राजस्व, कृषि और पुलिस टीम के साथ दबिश दी। दुकान में 500 बोरी से अधिक डीएपी और 50 बोरी यूरिया मिली, जिनके वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे।

जांच में सामने आया कि विक्रेता 266 रुपए कीमत वाली यूरिया किसानों को 450 रुपए में बेच रहा था। साथ ही खाद की खरीद-बिक्री की कोई रसीद या पीओएस मशीन में एंट्री नहीं पाई गई। दुकान में खाद की आपूर्ति का कोई स्रोत भी नहीं बताया गया।

अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने दुकान को तत्काल सील कर दिया और एफआईआर के लिए पुलिस को आवेदन सौंपा गया। एसडीएम अदिति यादव ने बताया कि जिले में खाद की कालाबाजारी पर सख्ती से निगरानी की जा रही है और अन्य स्थानों पर भी जांच जारी है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत दें।