मध्यप्रदेश के भिंड जिले के गोहद क्षेत्र में दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सामने आया है। 9 जुलाई को बरथरा रोड इलाके में हुई इस घटना का वीडियो शनिवार रात वायरल हुआ, जिसमें कुछ दबंग युवकों को लात-घूंसे और प्लास्टिक पाइप से पीटते दिख रहे हैं। पीड़ित युवक इरफान खान के अनुसार, आरोपी अजय जाटव, जो हाल ही में हत्या के मामले में जमानत पर छूटा है, ने मोबाइल लौटाने के बहाने बुलाकर सुनसान जगह पर मारपीट की। युवकों को बाल पकड़कर घसीटा गया और पैर छूने को मजबूर किया गया।

गोहद थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि इरफान ने शिकायत की थी, लेकिन बयान देने के लिए थाने नहीं आया। सोशल मीडिया पर गाली-गलौज से विवाद की शुरुआत हुई थी। मामले की जांच जारी है।

इधर नरसिंहपुर जिले के बगासपुर गांव में भी 14 जून को दो युवकों को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा गया। वीडियो अब सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें झूठी सूचना देकर बुलाया गया और प्राइवेट पार्ट तथा सीने पर लातें मारी गईं। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।