जबलपुर जिले के ग्राम बसा से गुजर रहे जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव मिले। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। माढ़ोताल थाना पुलिस को ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि ट्रैक पर दो शव पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के अनुसार, मृतकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच आंकी गई है। दोनों शर्ट-पैंट पहने हुए थे और ट्रैक के पास घूमते देखे गए थे। रेलवे के पाइंटमैन ने बताया कि ट्रेन आते ही दोनों ने एक साथ छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाया है। जबलपुर सहित आसपास के जिलों में युवक-युवती के फोटो भेजकर पहचान की कोशिश की जा रही है। 24 घंटे में पहचान नहीं होने पर प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार कराया जाएगा। पुलिस स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है, पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।