शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस विभाग और आवाज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की।

मुख्य वक्ता प्रथम न्यायाधीश शहाबुद्दीन हाशमी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे होने वाले मानसिक, शारीरिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश श्री अंकित श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए नशा छोड़ने हेतु हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

पुलिस विभाग से उप-निरीक्षक मनीषा तिवारी ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई, जबकि आवाज संस्था की प्रतिनिधि मालती पटेल ने मानव दुर्व्यापार और नशा मुक्ति अभियान की विस्तृत जानकारी देकर छात्रों को सतर्क और जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा जैन, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।