सागर कमिश्नर अनिल सुचारी ने दी सख्त हिदायतें: चिकित्सकों में सेवा भावना जरूरी, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर !

Spread the love

सागर, 25 जुलाई 2025:
सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने स्वास्थ्य विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सक का कार्य केवल एक पेशा नहीं, बल्कि यह लोगों के जीवन की रक्षा का पवित्र दायित्व है, जिसे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निभाया जाना चाहिए।

कमिश्नर ने बैठक में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों पर बल देते हुए कहा कि सागर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए हर चिकित्सक को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना होगा। उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारियों (BMO) को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति की निगरानी करें और मैदानी कर्मचारियों की बैठकें लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की समय पर उपस्थिति, साफ-सफाई और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से उन्होंने सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों में स्नेक वेनम इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की मॉनीटरिंग को भी जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि जब तक यह सुनिश्चित न हो जाए कि संबंधित कार्यकर्ता गांव में रहकर सेवा दे रहे हैं, तब तक उनका वेतन आहरण न किया जाए।

इसके अलावा, आयुष्मान कार्ड योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि कार्ड निर्माण की गति तेज की जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ ले सकें।

बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्रीमती नीना गिडियन, सागर संभाग के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलेवार स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई और कार्यशैली में सुधार के लिए ठोस दिशा-निर्देश दिए गए।

यह बैठक सागर संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *