कलेक्टर ने किया कार्यालय का औचक निरीक्षण, नकल शाखा की कार्यशैली में पारदर्शिता लाने के निर्देश !

Spread the love

लोकसेवा केंद्र के माध्यम से ही करें नकल की प्रति के लिए आवेदन, एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी !

सागर, 25 जुलाई 2025
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे नकल शाखा पहुंचे, जहां उपस्थित लोगों ने नकल प्राप्ति में आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। कलेक्टर ने गंभीरता से समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नकल शाखा की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए तथा आवेदकों को निर्धारित समयावधि में नकल की प्रति उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकल के लिए सीधे शाखा में आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी नागरिक लोकसेवा केंद्र के माध्यम से ही आवेदन करें और वहीं से नकल प्राप्त करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि नकल शाखा के मुख्य द्वार पर बड़े अक्षरों में शुल्क और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिससे आमजन को कोई असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जब एक कर्मचारी की कार्यशैली में लापरवाही पाई गई, तो कलेक्टर ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर आवक-जावक शाखा भी पहुंचे और पत्र व्यवहार की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने आदेश दिए कि सभी पत्रों की कार्यवाही समय-सीमा में पूरी की जाए और प्रत्येक पत्र पर प्राप्ति की तारीख एवं समय अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही कक्ष में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय ओआईसी श्री देवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

यह निरीक्षण न सिर्फ प्रशासनिक सतर्कता को दर्शाता है, बल्कि नागरिकों को सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ठोस कदम भी है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *