नवजात बछड़े को गले लगाकर दिया दुलार, गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना !
सागर, 25 जुलाई 2025
सागर जिले के कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने आज बण्डा स्थित आचार्य विद्यासागर गौशाला का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और गौ सेवा में लगे कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला परिसर में कदम (कदम्ब) का पौधा लगाकर पौधारोपण का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौशाला में बनाए गए अलग-अलग वार्डों का अवलोकन किया, जिनमें गायों को उनकी स्थिति के अनुसार रखा जाता है—स्वस्थ, बीमार, सामान्य घायल और गंभीर रूप से घायल गायों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। उन्होंने अस्पताल वार्ड का भी दौरा किया, जहां सड़क दुर्घटनाओं में घायल गायों का उपचार किया जाता है। कलेक्टर को जानकारी दी गई कि गौशाला में करीब 3500 से अधिक गौवंश मौजूद हैं और इनके लिए समुचित चिकित्सा एवं पोषण की व्यवस्था की गई है।

गौमाता के लिए पोषण योजना
कलेक्टर को बताया गया कि गौशाला में बीमार और घायल गौवंश की स्थिति के अनुसार उनके लिए विशेष आहार व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही गौशाला परिसर में नेपियर घास का उत्पादन भी किया जा रहा है और लगभग तीस एकड़ जमीन पर नेपियर घास लगाने की योजना तैयार है, जिससे भविष्य में गौवंश के लिए आहार की समुचित पूर्ति हो सकेगी।
नवजात बछड़े से किया स्नेह
गौशाला भ्रमण के दौरान कलेक्टर की नजर एक नवजात बछड़े पर पड़ी, जिसे देखकर वे अभिभूत हो उठे। उन्होंने उस बछड़े को स्नेहपूर्वक गले लगाया और स्वयं अपने हाथों से उसे घास और अन्य पोषक आहार खिलाया। उन्होंने कहा, “यह अनुभव अत्यंत भावुक और आत्मिक संतोष देने वाला है। गौशाला में जिस समर्पण भाव से सेवा की जा रही है, वह सराहनीय है।”

उल्लेखनीय उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रवीश श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री मोहित जैन, गौशाला संचालक श्री महेंद्र जैन, विजय चौधरी, जीवदया संगठन से अंकुर जैन, दिनेश जैन, आनंद जैन, देवेंद्र जैन, राजा चौहान, आकाश जैन, अनिल मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कलेक्टर का यह दौरा न केवल प्रशासनिक निरीक्षण था, बल्कि उन्होंने मानवता और जीवदया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रकट की। यह गौशाला और समाज दोनों के लिए एक प्रेरणादायी क्षण रहा।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237