सागर जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के महाविद्यालयीन छात्रावासों में प्रवेश हेतु शिविर का आयोजन !

Spread the love

सागर जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को छात्रावासों में प्रवेश दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देशानुसार दिनांक 26 जुलाई 2025 को विभिन्न छात्रावास परिसरों में प्रवेश शिविर आयोजित किए गए। हाल ही में कलेक्टर द्वारा किए गए निरीक्षण में यह पाया गया कि अनेक छात्रावासों में सीटें रिक्त थीं, जिस पर उन्होंने तत्काल कार्यवाही करते हुए सहायक आयुक्त अनुसूचित जाति जनजाति श्री सुधीर श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि शीघ्रता से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। इसी के अंतर्गत शनिवार को “प्रवेश उत्सव” के रूप में शिविर लगाकर पात्र विद्यार्थियों को छात्रावासों में प्रवेश दिया गया।

सहायक आयुक्त श्री सुधीर श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के महाविद्यालयीन बालक छात्रावास विश्वविद्यालय, तिली, सिरोजा, देवरी और खुरई में, तथा बालिका छात्रावास बड़तूमा, रिमझिरिया और तहसीली में संचालित हो रहे हैं। वहीं जनजातीय वर्ग के लिए बालक छात्रावास विश्वविद्यालय, तिली और सिरोजा में हैं। इन सभी छात्रावासों की कुल स्वीकृत सीट संख्या 520 है, जिनमें से अब तक 486 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जा चुका है। दिनांक 26 जुलाई को आयोजित शिविर में रिक्त 55 सीटों में से 42 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की गई। यह प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के अंतिम कक्षा के मेरिट अंकों के आधार पर निष्पक्षता से संपन्न हुई। प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों से आवश्यक दस्तावेज जैसे जाति प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड एवं सभी अंकसूचियाँ प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर सभी छात्रावासों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और रंग-रोगन का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। यदि किसी विद्यार्थी को प्रवेश या अन्य प्रक्रिया से संबंधित कोई कठिनाई आती है, तो वे मोबाइल नंबर 7223008254 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह प्रवेश शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक है, जिसने समाज के वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह प्रयास न केवल शैक्षणिक समावेश को बल देगा, बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण में भी सहायक सिद्ध होगा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *