दतिया में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से नवविवाहिता की संदिग्ध मौत !

Spread the love

दतिया जिले के जिगना गांव में रविवार को एक 21 वर्षीय नवविवाहिता काजल अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक झोलाछाप बंगाली डॉक्टर पर इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। बताया गया कि काजल पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थी और रविवार को जब उसकी हालत नहीं सुधरी, तो परिवारजन उसे गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई।

हालत बिगड़ने पर काजल को पहले दतिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काजल की शादी तीन महीने पहले ओमप्रकाश अहिरवार से हुई थी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, आरोपी झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक बंद कर फरार हो गया है। जिगना टीआई रचना माहौर के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *