सीहोर जिले में मानसून सीजन के दौरान डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते 15 दिनों में जल स्रोतों में डूबकर 7 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला रविवार शाम का है, जब इच्छावर के पास भेरूखो वाटरफॉल में नहाने गए पांच छात्रों में से दो, सिन्मुक (20) और हेमंत राव (20), पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों छात्र हैदराबाद निवासी थे।

घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह पुनः रेस्क्यू शुरू कर दोनों शवों को बरामद किया गया। तीन अन्य छात्र, नरेंद्र (जामनगर), वामासी और ललित (दोनों हैदराबाद), सुरक्षित हैं।

घटना देवास वन मंडल क्षेत्र में होने के कारण देवास व सीहोर पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचीं। अब यह तय किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम किस जिले में होगा।
प्रशासन लगातार जल स्रोतों से दूर रहने की अपील कर रहा है, लेकिन चेतावनियों के बावजूद लोगों द्वारा जोखिम उठाया जा रहा है। हादसों के बावजूद वाटरफॉल और अन्य जल स्रोतों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।