इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात 13 वर्षीय छात्र आकलन जैन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह “फ्री फायर” ऑनलाइन गेम में 2800 रुपए हार गया था और इसी बात से तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया।

आकलन अनुराग नगर में अपने परिवार के साथ रहता था और कक्षा सातवीं का छात्र था। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी मां अपूर्वा का डेबिट कार्ड गेमिंग अकाउंट से लिंक कर रखा था, जिससे रकम की ट्रांजैक्शन हुई थी। गेम में पैसे हारने के बाद आकलन ने यह बात मां को बताई और डर गया कि परिजन डांटेंगे।
घटना की जानकारी सबसे पहले उसके दादा को लगी, जिन्होंने उसे फंदे पर लटका देखा। परिजन तुरंत उसे डीएनएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अस्पताल प्रशासन ने सूचना दी।
पुलिस का कहना है कि आकलन के पास बिना सिम वाला मोबाइल था जो वाई-फाई से जुड़ा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।