सागर संभागायुक्त श्री अजय सुचारी ने जिले की समीक्षा बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरेलू, ग्रामीण और कृषि फीडरों में नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से कृषि फीडरों में 10 घंटे बिजली देने की व्यवस्था लागू की जाए। ट्रांसफार्मर और पोलों की मरम्मत शीघ्र की जाए तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु शिविर आयोजित किए जाएं।

कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग को पुल-पुलियों की मरम्मत और जल संसाधन विभाग को बांधों की सतत निगरानी, भू-अर्जन समस्याओं और विस्थापन राशि के उचित वितरण के निर्देश दिए। बिना सूचना के बांध से पानी न छोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक उपरांत श्री सुचारी ने शासकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। छात्रों ने खाने की गुणवत्ता, पेयजल संकट, टेलीविजन की अनुपलब्धता और सफाई की समस्या बताई। कमिश्नर ने अधीक्षक को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान छात्रावास परिसर एवं शौचालयों की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई।