सागर विकासखंड अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्था महिला जागृति द्वारा ग्राम लालेपुर (सेमरा अंगद) में “नवांकुर सखी कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “हर घर पौधा, घर-घर पौधा” थीम पर ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत करना था।

इस अवसर पर चयनित नवांकुर सखियों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई एवं उनके नेतृत्व में नारे लगाकर कलश यात्रा निकाली गई। महिला जागृति संस्था की प्रमुख सुश्री नमिता वानखेड़े ने ग्रामीणों से पर्यावरण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही पर्यावरण हित में योगदान देने वाले युवा किसानों को तिलक, शॉल, श्रीफल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामवासियों के साथ अटल भूजल योजना की जल स्वच्छता समिति, प्राथमिक व माध्यमिक शाला के शिक्षकगण, सीएमसीएलडीपी मेंटर श्री शिवदीन आठ्या, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष, सुनील प्रजापति, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नंदिनी चढ़ार एवं सहायिका ज्योति अहिरवार ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।