जिला चिकित्सालय परिसर सागर में विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने आज जिले को प्राप्त दो शव वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से योजना की जानकारी ली।

स्वास्थ्य संचालक डॉ. नीना गिडियन ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में उपचार के दौरान मृत्यु होने पर शव को मृतक के घर अथवा श्मशान घाट तक निःशुल्क पहुंचाना है। यह सुविधा जिला चिकित्सालय, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सहित जिले की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध रहेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी ने बताया कि शववाहन 24×7 संचालित रहेंगे और उपयोग केवल जिले की सीमा में किया जाएगा। मृतक के परिवहन से पूर्व संबंधित संस्था से मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
इस अवसर पर डॉ. आर.एस. जंयत, 108 नोडल अधिकारी, 108 सेवा के जिला प्रबंधक, चिकित्सक, स्टाफ व आमजन उपस्थित रहे। यह सेवा आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।