ट्रेन से लापता हुई कटनी की अर्चना तिवारी 12 दिन बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर से बरामद

Spread the love

धनगढ़ी में मिली लोकेशन, भोपाल जीआरपी ने सकुशल किया रेस्क्यू, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

भोपाल/कटनी।
कटनी निवासी और इंदौर में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही 22 वर्षीय छात्रा अर्चना तिवारी आखिरकार मिल गई है। 12 दिन पहले ट्रेन से रहस्यमय तरीके से लापता हुई अर्चना की लोकेशन नेपाल बॉर्डर से लगे धनगढ़ी इलाके में ट्रेस हुई। इसके बाद भोपाल जीआरपी की टीम धनगढ़ी पहुंची और छात्रा को सकुशल बरामद कर मध्यप्रदेश लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

कैसे हुई थी घटना

7 अगस्त को अर्चना नर्मदा एक्सप्रेस (एसी कोच बी-3) से इंदौर से कटनी के लिए रवाना हुई थी। लेकिन ट्रेन जब कटनी स्टेशन पहुंची तो उसकी सीट पर सिर्फ बैग रखा मिला, वह खुद गायब थी। अचानक हुई इस गुमशुदगी ने पुलिस और परिवार दोनों को सकते में डाल दिया।

इसके बाद इंदौर, भोपाल, कटनी जीआरपी और स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ वन विभाग तक को मिड घाट और आसपास के जंगलों में लगातार सर्चिंग में लगाया गया। 12 दिन की मशक्कत के बाद मंगलवार शाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।

पुलिस को ऐसे मिली सफलता

दरअसल, मंगलवार सुबह अर्चना ने खुद अपनी मां से फोन पर संपर्क किया और कहा – “मैं सुरक्षित हूं।”
इसके बाद जीआरपी ने उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो नेपाल सीमा से सटे धनगढ़ी में मिली। टीम तुरंत रवाना हुई और वहां से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया।

सिपाही राम तोमर का कनेक्शन

जांच में यह बात सामने आई कि अर्चना पिछले दो सालों से ग्वालियर पुलिस में तैनात आरक्षक राम तोमर के संपर्क में थी।

  • टिकट भी उसी ने अपनी आईडी से बुक किया था।
  • अर्चना से उसकी लंबे समय तक फोन पर बातचीत होती थी।
  • जीआरपी और ग्वालियर पुलिस ने उसके रूम की तलाशी ली, जहां कई लड़कियों का सामान और आपत्तिजनक सामग्री मिली।

राम तोमर ने पुलिस से कहा कि “अर्चना से उसकी जान-पहचान है, उसने टिकट कराया जरूर था लेकिन वह ट्रेन में नहीं आई।” फिलहाल पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।

परिवार की पहली प्रतिक्रिया

कटनी युवा कांग्रेस नेता देवांशु मिश्रा ने पुष्टि की कि अर्चना ने अपनी मां को फोन कर सुरक्षित होने की बात कही थी। परिवार अब राहत की सांस ले रहा है, लेकिन इस पूरी घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।

आगे क्या?

जीआरपी एसपी राहुल लोढ़ा ने बताया –
“अर्चना को टीम भोपाल लेकर आ रही है। यहां उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *