खुरई स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने, नई रेल परियोजना का सर्वे कराने श्री भूपेन्द्र सिंह ने रेल मंत्री से किया अनुरोध!

Spread the love

पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर खुरई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई रेल परियोजना का सर्वे कर स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खुरई रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण व्यावसायिक और कृषि केंद्र होने के बावजूद आज भी आवश्यक सुविधाओं से वंचित है।

श्री सिंह ने पत्र में उल्लेख किया कि खुरई स्टेशन पर दयोदय एक्सप्रेस, गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस, सिंगरौली-भोपाल ऊर्जाधानी एक्सप्रेस, जयपुर-दुर्ग एक्सप्रेस और दरभंगा-अहमदाबाद जनसाधारण एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का ठहराव होना चाहिए। इसके साथ ही सुबह 8 बजे खुरई-बीना-भोपाल मेमू ट्रेन शुरू किए जाने की भी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि खुरई क्षेत्र कृषि उत्पाद और कृषि मशीनरी के लिए प्रसिद्ध है, यहां से बड़े पैमाने पर परिवहन होता है। बावजूद इसके स्टेशन पर रैक प्वाइंट और शेड की व्यवस्था न होने से व्यापारियों को 25-30 किमी दूर बीना तक माल ले जाना पड़ता है, जिससे लागत बढ़ जाती है और किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने स्टेशन पर सुलभ कॉम्प्लेक्स, कोच गाइडेंस सिस्टम, 50 साल पुराने प्लेटफॉर्म ब्रिज का उन्नयन और खैरा नाका पर ओवरब्रिज/अंडरब्रिज निर्माण को भी अति आवश्यक बताया।

पूर्व गृहमंत्री ने पत्र में ललितपुर-व्हाया मालथौन-बांदरी-सागर-जैसीनगर-देवरी-नरसिंहपुर से नागपुर तक नई रेलवे लाइन का सर्वे कर स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सागर को सीधे नागपुर, छिंदवाड़ा, जबलपुर, भोपाल और ललितपुर-झांसी से रेल संपर्क मिलेगा। इससे उद्योग, कृषि और खनिज उत्पादों को नए बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि नई रेलवे परियोजना से सागर रेलवे स्टेशन जंक्शन का दर्जा प्राप्त करेगा और सागर संभाग के दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, छतरपुर और निवाड़ी जिलों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। यह परियोजना शिक्षा, रक्षा, उद्योग, पर्यटन और निवेश की दृष्टि से क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *