
सागर संसदीय क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने संसद परिसर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की, जहां सागर शहर की ट्रैफिक समस्या और सड़क विकास को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।
बैठक में सांसद डॉ. वानखेड़े ने सागर शहर के प्रमुख मार्ग—मोतीनगर, भगवानगंज, स्टेशन रोड, सिविल लाइन्स, मकरोनिया स्क्वायर से होकर ROB-30 (बंसल अस्पताल के पास)—को राष्ट्रीय राजमार्ग 146 भोपाल रोड से जोड़ने की मांग रखी। इस प्रस्ताव को मंत्री गडकरी ने सकारात्मक रूप से स्वीकारते हुए अधिकारियों को तत्काल परियोजना का DPR (विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश दिए।
लगभग 3500 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शहर में कई फ्लाईओवर और ROB (रेलवे ओवरब्रिज) बनाए जाएंगे। परियोजना से जुड़े कुछ फ्लाईओवर रेलवे भूमि के समीप प्रस्तावित हैं, जिनमें रेलवे विभाग भी सहयोग करेगा।
सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि यह सागर के लिए एक ऐतिहासिक सौगात होगी। इस परियोजना से न केवल शहर की जाम समस्या का समाधान होगा बल्कि पूरे लोकसभा क्षेत्र को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
वहीं, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए सागर नगर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें और प्रस्ताव गडकरी के समक्ष रखे, जिन्हें मंत्री ने हरी झंडी दी।
👉 सागर के लिए यह परियोजना शहरी यातायात, व्यापार और कनेक्टिविटी की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।