सागर में जैन समाज का आक्रोश, संतोष जैन पटना के पुतले पर जूते बरसाए

Spread the love

सागर। दिगंबर जैन समाज में इन दिनों भारी आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है। हाल ही में अशोकनगर में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम के दौरान पटना निवासी संतोष जैन द्वारा आचार्य श्री विद्यासागर महाराज, आचार्य श्री समयसागर महाराज, पूज्य प्रणाम सागर महाराज और सभी निर्यापक मुनियों के प्रति की गई टिप्पणी ने जैन समाज की भावनाओं को गहराई से आहत किया है।

जैन समाज ने संतोष जैन की टिप्पणी को अत्यंत आपत्तिजनक और अस्वीकार्य बताते हुए सागर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार शाम 7 बजे भारी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा समाजजन एकजुट होकर रैली के रूप में शहर की सड़कों पर उतरे। यह रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए कीर्ति स्तंभ नमक मंडी पहुंची।

यहां पहुंचकर समाजजनों ने संतोष जैन का पुतला दहन किया और उस पर जूते बरसाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी धर्मगुरुओं और आचार्यों की गरिमा के साथ खिलवाड़ न कर सके।

रैली में शामिल महिलाओं और युवाओं ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज और अन्य पूज्य मुनि समाज के लिए पथ प्रदर्शक हैं, उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी सहन नहीं की जाएगी। समाज के वरिष्ठजनों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस घटनाक्रम ने स्पष्ट कर दिया है कि जैन समाज अपने आचार्यों और संतों के सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह से एकजुट है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *