227 शिक्षकों ने लिया भाग, आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर हुआ विशेष फोकस
सागर, 20 अगस्त 2025।
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने एवं विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कक्षा 10वीं तथा नवीन विषयों के शिक्षकों के लिए द्वितीय मासिक प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 227 शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यशाला का संचालन मास्टर ट्रेनर्स श्री अरविंद गोस्वामी, श्री राजेंद्र अहिरवार, श्रीमती दीपा अहिरवार एवं श्रीमती नीलू जैन द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आगामी 28 अगस्त से प्रारंभ होने वाली मासिक परीक्षा के प्रश्न पत्र निर्माण की प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही, त्रैमासिक परीक्षा के लिए आवश्यक विषय-वस्तु की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि कठिन बिंदुओं को सरल एवं प्रभावी तरीकों से विद्यार्थियों तक पहुँचाया जाए।
जटिल विषयों को आसान बनाने पर जोर
मास्टर ट्रेनर श्रीमती दीपा अहिरवार ने विज्ञान विषय के कुछ जटिल बिंदुओं — परिसंचरण तंत्र, हृदय की संरचना एवं कार्यप्रणाली, उत्सर्जी तंत्र एवं उत्सर्जन प्रक्रिया — को विस्तार से समझाते हुए उनके सरल अध्यापन के तरीके साझा किए।
अंग्रेजी शिक्षकों हेतु विशेष कार्यशाला
इसी कड़ी में, कक्षा 10वीं के अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए रविंद्र भवन, सागर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जिले के 11 ब्लॉकों के 139 अंग्रेजी शिक्षक शामिल हुए।
इसका मुख्य उद्देश्य त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी को प्रभावी बनाना एवं विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार करना था। इसमें प्रश्न पत्र निर्माण, आदर्श उत्तर लेखन, अधिक अंक अर्जन की तकनीक और छात्रों को लिख-लिखकर अभ्यास कराने जैसे बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

अधिकारियों का मार्गदर्शन
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ए.पी.सी. आरएमएसए श्री चौबे ने शिक्षकों को प्रशिक्षण को गंभीरता और लगन से पूर्ण करने की प्रेरणा दी।
वहीं, जिला एडीपीसी श्री अभय श्रीवास्तव ने परीक्षा परिणामों में सुधार, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने एवं शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को लिखित अभ्यास की आदत डालना सफलता की कुंजी है।
प्रमुख ट्रेनर्स एवं आयोजन टीम
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री बिजू थॉमस, श्री आशीष शर्मा, श्री अमित मिश्रा एवं श्री अनुपम ताम्रकार भी उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्री एम. आर. विश्वकर्मा, जो कार्यशाला के नोडल अधिकारी भी थे, के नेतृत्व में संपन्न हुआ।