सागर। शहर के खुरई रोड स्थित भाग्योदय हॉस्पिटल में सोमवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब इलाज कराने आए पति पर अज्ञात लोगों ने अचानक हमला कर दिया। घटना हॉस्पिटल की पार्किंग में हुई, जहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुरा वार्ड निवासी प्रशांत जैन अपनी पत्नी सुलेखा जैन को दिखाने के लिए स्कूटी से भाग्योदय हॉस्पिटल पहुंचे थे। जैसे ही प्रशांत ने पार्किंग में स्कूटी खड़ी की, तभी अचानक कुछ युवक वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस घटना से मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। सुलेखा जैन ने बताया कि उनका पति किसी से उलझे भी नहीं थे, न ही किसी तरह का विवाद हुआ था। बिना किसी कारण अचानक हमला कर दिया गया।
हमले में प्रशांत बुरी तरह घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर हॉस्पिटल परिसर में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को संभाला। इसके बाद घायल को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल की पत्नी सुलेखा जैन से पूछताछ की और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल की पार्किंग में हुई इस वारदात को लेकर चिंता जाहिर की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटनाएं न केवल मरीजों और उनके परिजनों के लिए खतरा हैं बल्कि इससे शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।