आत्मनिर्भर भारत का मंत्र – “नौकरी मांगने नहीं, नौकरी देने की सोच अपनाएं”

Spread the love

सागर। एल्कोनहाइट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वावलंबी भारत अभियान एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में स्वावलंबी भारत अभियान के केंद्रीय उद्यमिता प्रशिक्षण टोली सदस्य करण श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि –
👉 “देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल नौकरी मांगने की मानसिकता नहीं, बल्कि नौकरी देने की सोच अपनानी होगी।”

स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक राजकुमार नामदेव ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देना, आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करना और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

सौरभ रांधेलिया (प्रांत युवा आयाम टोली सदस्य) एवं सुनील सागर (जिला सह संयोजक) ने कहा –
👉 “स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक संस्कार है। इसे अपनाकर हम न सिर्फ अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों को प्रतिस्पर्धी भी बना सकते हैं।”

जिला टोली सदस्य अखिलेश समैया ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की मूल बातें, बाजार की समझ, ग्राहक की आवश्यकता, ब्रांडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर व्यापार की जानकारी दी।

विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. संजीव राठौर ने कहा कि –
👉 “बच्चों में उद्यमिता का बीज बचपन से ही बोना चाहिए, ताकि वे सिर्फ डिग्रीधारी न बनकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें।”

विद्यालय की प्राचार्या दीप्ति राठौर ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान और जीवन कौशल भी उतने ही आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशिक्षक रविन्द्र ठाकुर ने छात्रों को “पढ़ते-पढ़ते कमाना सीखने” का संदेश दिया और सभी को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *