इंदौर: 5.43 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया कब्जा, अतिक्रमण कर बना दी गई थी नर्सरी

Spread the love

3620 वर्गमीटर भूमि को नगर निगम ने कराया मुक्त, अब बड़े पैमाने पर होगा पौधारोपण

इंदौर। ग्राम कैलोद करताल में लगभग 3620 वर्गमीटर की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को नगर निगम ने प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में हटाया। इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब ₹5 करोड़ 43 लाख आंकी गई है।

जोन 13, वार्ड 77 क्षेत्र में लाल सिंह पटेल ने कब्जा कर यहां करीब 5 हजार पौधे रखकर नर्सरी बना दी थी। मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर आशीष सिंह और निगमायुक्त शिवम वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई की गई।

अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तहसीलदार और पटवारी भी मौजूद रहे।

  • अतिक्रमणकर्ता को मौके पर मौजूद रहकर पौधे हटाने के लिए कहा गया।
  • नियमानुसार 3 दिन का समय दिया गया है।
  • फिलहाल लगभग 20% पौधे हटाए जा चुके हैं और शेष पौधों को ट्रैक्टर की मदद से हटाने का काम जारी है।

निगमायुक्त शिवम वर्मा ने कहा –
“सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर हित में चल रही इस कार्रवाई के तहत जमीन को मुक्त कराकर सार्वजनिक उपयोग में लाया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। इससे न केवल पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित होगा, बल्कि इलाके की सुंदरता और स्वच्छता भी बढ़ेगी।

नगर निगम ने साफ किया है कि शहरभर में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की यह सतत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध कब्जों पर रोक लगे और विकास कार्यों में बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *