सागर। जिले में डेंगू का खत लगातार बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला अस्पताल में रोज़ाना 200 से ज्यादा संदिग्ध मरीज पहुँच रहे हैं, जबकि पूरे जिले में यह आंकड़ा 700 से पार है। अब तक 22 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
मंगलवार को बीएमसी की रिपोर्ट में 2 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जिनमें एक शाहपुर और दूसरा बंडा क्षेत्र का है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि प्राइवेट अस्पतालों और नर्सिंग होम में इलाज करा रहे मरीजों को मिलाकर यह संख्या 100 से अधिक हो सकती है।

जिलेवार आंकड़े
मलेरिया विभाग के अनुसार राहतगढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा 5 मरीज मिले हैं, जबकि सागर शहर में 4 मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा बंडा (3), रहली (2), शाहगढ़ (2), शाहपुर (2), देवरी (1), बीना (1), जैसीनगर (1) और केसली (1) मरीज मिले हैं।
बीएमसी में रोज़ 150 जांच
बीएमसी के माइक्रो बायोलॉजिस्ट डॉ. सुमित रावत ने बताया कि रोज़ाना 100 से 150 संदिग्ध मरीज जांच के लिए पहुँच रहे हैं। लैब में लगभग 150 मरीजों की एनएस-1 किट जांच की जा रही है और 5 से 7 मरीजों का एलाइजा टेस्ट किया जा रहा है। चिकनगुनिया के भी संदिग्ध मरीज सामने आ रहे हैं, हालांकि उनकी संख्या डेंगू से कम है।
48 हजार घरों का सर्वे, 960 कंटेनरों में लार्वा
स्वास्थ्य विभाग की 100 से ज्यादा टीमें जिलेभर में सर्वे कर रही हैं। अब तक 48,790 घरों का निरीक्षण किया गया है। इनमें से 957 घरों के 960 कंटेनरों में डेंगू का लार्वा मिला है। ये कंटेनर अक्सर पानी के बर्तन, होज, खाली प्लॉट और निर्माणाधीन स्थानों में पाए गए।
नगर निगम पर सवाल
डेंगू की रोकथाम में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। न तो दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है और न ही फॉगिंग। शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सिविल लाइन चौराहे पर भवन निर्माण के लिए बना खुला बेसमेंट इस समय दो फीट से ज्यादा पानी से भरा हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि यही साफ पानी डेंगू के लार्वा के लिए सबसे सुरक्षित जगह बन जाता है।
एक्सपर्ट व्यू
डॉ. रमेश पांडे, प्राध्यापक, एमडी मेडिसिन, बीएमसी
“डेंगू का लार्वा हमेशा साफ पानी में पनपता है। लोगों को चाहिए कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें। डेंगू के मरीज को अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे पानी, ओआरएस, नारियल पानी आदि देना चाहिए ताकि शरीर कमजोर न हो और मरीज जल्दी स्वस्थ हो सके।”
मंगलवार को दो नए केस
बीएमसी की ताज़ा रिपोर्ट में मंगलवार को 2 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। जिले में अब तक कुल 22 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, चिकनगुनिया के 3 मरीज भी सामने आए हैं।