
शिक्षा केवल ज्ञान ही नहीं, चरित्र निर्माण का भी साधन है – गोविंद सिंह राजपूत
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत को आगामी 1 सितंबर को प्रदेशभर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में आयोजित होने वाले ‘हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम का संकल्प पत्र सौंपा। इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना, हरित पर्यावरण को प्रोत्साहित करना और स्वच्छता बनाए रखना है।
मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा—
“विद्यालय केवल ज्ञान देने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण और चरित्र निर्माण का पवित्र मंदिर है। शिक्षण संस्थानों में ऐसा वातावरण तैयार करना होगा जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और भेदभाव रहित माहौल के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी मौजूद हो। इस तरह के आयोजन निश्चित रूप से विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।”
उन्होंने शिक्षक संघ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा जगत में एक प्रेरणादायी कदम बताया और संगठन के सभी जिला पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
देशभर में 5 लाख विद्यालय होंगे सहभागी
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री चंद्रभान सिंह राजपूत ने बताया कि यह कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वावधान में देशभर के 5 लाख से अधिक विद्यालयों में एक साथ आयोजित होगा। इस दौरान शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक राष्ट्रीय हित, शिक्षा हित और विद्यार्थी हित में संकल्प लेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारी
इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह राजपूत, जिला सचिव मनोज जैन, कोषाध्यक्ष संदीप नाहर, तहसील अध्यक्ष सागर रामस्वरूप सिंह राजपूत, राहतगढ़ तहसील अध्यक्ष हाकम सिंह ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष महेश महेश्वरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।