पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अफरातफरी का माहौल

Spread the love

ISI से जुड़ा होने का दावा, नेपाल बॉर्डर से तीन पाकिस्तानी आतंकी की घुसपैठ की भी चेतावनी

पटना, 29 अगस्त।
राजधानी पटना के सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ईमेल के जरिए कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में 4 RDX IEDs लगाए गए हैं। धमकी में यह भी लिखा गया कि पूरा ऑपरेशन पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के सहयोग से अंजाम दिया जा रहा है।

मेल में छिपी बड़ी साजिश

ईमेल में लिखा गया— “जज के रूम और कोर्ट कैंपस में 4RDX ILEDs लगाए गए हैं। यह अभियान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के सहयोग से किया गया है। बिहार से तमिलनाडु जाने वाले प्रवासी मजदूरों की वजह से वहां की जनसंख्या संरचना बदल रही है। यह कार्रवाई इसी संदर्भ में है।”

इस मेल के बाद पटना सिविल कोर्ट में अफरातफरी का माहौल बन गया। जजों और वकीलों को तत्काल कोर्ट परिसर से बाहर निकाला गया। सुरक्षा बलों ने पूरे कैंपस को घेर लिया और डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते की टीमें तलाशी में जुट गईं।

वकीलों में गुस्सा, लापरवाही के आरोप

सीनियर वकील ऋषिकेश नारायण सिन्हा ने कहा— “धमकी कल (गुरुवार) को मिली थी, लेकिन जांच आज की जा रही है। यह गंभीर लापरवाही है। दूसरी बार धमकी मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।”

वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता कौशल किशोर ने नाराजगी जताते हुए कहा— “ऐसी घटनाओं से न्यायिक कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। आज पूरा दिन कोर्ट का कामकाज ठप पड़ा रहा। पिछली धमकी का भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला था।”

सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती

धमकी के बाद पूरे कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे आतंकी साजिश की कड़ी मानते हुए खुफिया इनपुट्स खंगालना शुरू कर दिया है।

नेपाल बॉर्डर से तीन आतंकी घुसे होने का इनपुट

इसी बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ा खुलासा किया है। नेपाल के रास्ते तीन पाकिस्तानी आतंकियों के भारत में घुस आने की सूचना है। पुलिस ने जिन आतंकियों की तस्वीरें जारी की हैं, उनके नाम हैं:

  • हसनैन अली (रावलपिंडी)
  • आदिल हुसैन (उमरकोट)
  • मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर)

तीनों के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। सभी जिलों को खुफिया तंत्र सक्रिय रखने और संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पटना में चौकसी, पूरे बिहार में अलर्ट

पुलिस ने सिविल कोर्ट धमकी और नेपाल से आतंकी घुसपैठ की आशंका को जोड़कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह धमकी महज अफवाह भी हो सकती है या फिर असली आतंकी साजिश की प्रस्तावना। इसी वजह से पूरे बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *