तीज पर स्नान करने पहुंची मां-बेटी 200 फीट नीचे गिरीं, दोनों की मौत; सुरक्षा इंतज़ामों पर उठे सवाल
रीवा (मध्यप्रदेश), 29 अगस्त।
तीज पर्व की उमंग बुधवार को रीवा जिले के सिरमौर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध क्योंटी जलप्रपात पर मातम में बदल गई। यहां स्नान करने आई मां-बेटी अचानक पानी के तेज बहाव में बह गईं और करीब 200 फीट नीचे कुंड में समा गईं। दोनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मां-बेटी पानी के तेज बहाव से जूझती नजर आ रही हैं

हादसा कैसे हुआ?
मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्राम दुलहरा निवासी फूलमती सोंधिया (50) अपनी बेटी कृषा (20) के साथ तीज पर्व पर जलप्रपात स्नान के लिए गई थीं।
- स्नान के दौरान फूलमती का पैर फिसला और वह तेज बहाव में बह गईं।
- मां को बचाने की कोशिश में बेटी कृषा भी नदी में कूद पड़ी।
- देखते ही देखते दोनों टमस नदी की तेज धार में फंसकर 200 फीट नीचे गिर पड़ीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब दोनों बह रही थीं तो उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन पानी का वेग इतना तेज था कि संभल नहीं पाईं
।

रेस्क्यू टीम की जान जोखिम में
घटना शाम को हुई, लिहाज़ा तुरंत अंधेरा छा गया और रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह SDERF टीम मौके पर पहुंची।
- शव गहरे कुंड में फंसे थे।
- जवानों ने रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर रेस्क्यू किया।
- दोनों शवों को कंधे पर उठाकर ऊपर लाना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश से जलस्तर बढ़ने के कारण पानी का वेग बेहद खतरनाक था। जवानों के लिए यह अभियान खुद की जान जोखिम में डालने जैसा था।
हादसा 50 मीटर दूर से हुआ
जहां मां-बेटी स्नान कर रही थीं, वहां से जलप्रपात महज 50 मीटर दूर था। बारिश के कारण वाटरफॉल का जलस्तर ऊंचा हो चुका था। इसी वजह से दोनों तेज धार में बहकर कुंड में जा गिरीं।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
- क्योंटी जलप्रपात समेत जिले के बड़े झरनों पर न रेलिंग है, न चेतावनी बोर्ड।
- मौके पर न कोई स्थायी बचाव दल तैनात है और न ही गाइडलाइन।
- लोगों का कहना है कि पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन आज तक प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया।
लोगों का कहना है कि पूर्वा जलप्रपात को छोड़ दें तो जिले के बाकी झरनों पर सुरक्षा नाम मात्र की है।

इसी दिन बैतूल में भी बड़ा हादसा टला
इसी बीच बैतूल जिले के मुलताई से 25 किमी दूर खेड़ली बाजार स्थित बेल नदी घाट पर बुधवार दोपहर एक महिला ने अपनी सूझबूझ से दो मासूमों की जान बचाई।
- यश बामने (4 वर्ष) और दिव्यांश (10 वर्ष) खेलते-खेलते नदी में गिर गए थे।
- पानी की तेज धारा में बहने लगे।
- तभी एक महिला ने साहस दिखाकर दोनों को खींच निकाला और बड़ी त्रासदी टल गई।