सागर में कला उत्सव 2025 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न !

Spread the love

भारत सरकार प्रायोजित कला उत्सव 2025 का जिला स्तरीय आयोजन रविवार को सागर के उत्कृष्ट विद्यालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह वार्षिक आयोजन विद्यार्थियों की कला और अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करता है तथा 12 प्रकार की कलाओं के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर देता है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं विद्यालय प्राचार्य श्री सुधीर तिवारी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उनके कैरियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रतिभागियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए मार्गदर्शन देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एडीपीसी श्री अभय श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि कला उत्सव बच्चों के समग्र विकास का साधन है। इसमें भाग लेने वाले बच्चे न केवल अपनी प्रतिभा को निखारते हैं बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस मंच से अपनी रचनात्मकता को नई दिशा देने का अवसर मिलता है।

इस बार सागर जिले के पांच विकासखंडों से लगभग 120 बच्चों ने भागीदारी की और गायन, वादन, नृत्य, नाटक, चित्रकला, मूर्तिकला, कहानी वाचन, समूह गायन, ताल वाद्य और खिलौना निर्माण जैसी विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में अभिलाष चौबे, गगन राज, जोया खान, नीतू रजक, दिव्या लोधी और हेमंत ताम्रकार शामिल रहे।

परिणामों की घोषणा करते हुए एडीपीसी श्री अभय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को संभागीय स्तर पर सागर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। विजेताओं की सूची इस प्रकार रही—

  • एकल गायन: उदित नारायण, सांदीपनि विद्यालय रहली
  • चित्रकला: कोमल गोस्वामी, उत्कृष्ट विद्यालय सागर
  • मूर्ति कला: सिद्धार्थ पटेरिया, उत्कृष्ट विद्यालय सागर
  • खेल-खिलौने निर्माण: हिमांशी पटेल, पं. रविशंकर शुक्ल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सागर
  • नृत्य समूह: सृष्टि अहिरवार एवं साथियों, उत्कृष्ट विद्यालय सागर
  • कहानी वाचन: मुस्कान लोधी, सांदीपनि विद्यालय बंडा
  • समूह गायन: लक्ष्मी एवं साथी, पं. रविशंकर शुक्ल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सागर
  • नाटक: दक्ष एवं साथी, उत्कृष्ट विद्यालय सागर
  • संगीत वादन: सुमित एवं साथी (सांदीपनि विद्यालय रहली), एकांश भट्ट (सेंट मेरी स्कूल सागर)
  • एकल ताल वाद्य: अच्युत मिश्रा, पारस विद्या विहार सागर
  • नृत्य एकल: प्राची सेन, सांदीपनि एमएलबी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सागर

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती विनीता नेमा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी डॉ. शिवानी ताम्रकार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर एपीसी देवेंद्र चौबे, निलेश राजपूत, रेखा रैकवार, शिवाली साहू, शेफाली रावत, दीपा चतुर्वेदी, सत्येंद्र सिंह राजपूत सहित उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक श्री डी.एस. यादव ने भी शिरकत की। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कला समाज की आत्मा है और इस प्रकार के आयोजन बच्चों को आत्मविश्वास तथा जीवन मूल्य प्रदान करते हैं।

जिला स्तरीय कला उत्सव 2025 का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उन्हें संभागीय और राज्य स्तर तक जाने का मार्ग प्रशस्त करता है। बच्चों की ऊर्जा और सृजनात्मकता से सजे इस आयोजन ने न केवल विद्यालय परिसर को जीवंत बना दिया, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों को भी गर्वान्वित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *