विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर बोले– अखबार चौथा स्तंभ, समाज का आईना; IG हिमानी खन्ना ने कहा– पुलिस समाज में शांति व सुरक्षा की गारंटी
सागर, 28 अगस्त 2025। लोकतंत्र में अखबारों की भूमिका केवल समाचार देने तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज का मार्गदर्शन करने वाला सशक्त स्तंभ है। कोविड काल के कठिन दौर में पुलिस और सफाई कर्मियों ने जिस समर्पण और साहस का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। उक्त विचार मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सागर में आयोजित सम्मान समारोह “जज़्बा” में व्यक्त किए। यह कार्यक्रम स्थानीय अखबार द्वारा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मानार्थ आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में कई गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री भूपेंद्र सिंह, विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया, श्री हीरा सिंह राजपूत, श्री देवेंद्र सिंह, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री नितिन त्रिपाठी, श्री राकेश यादव, श्री आयुश चक्रधर, श्री भगवान उपाध्याय, डा. अनिल तिवारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री सुनील पांडे, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मीडिया जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
“जहां न पहुंचे रवि, वहां पहुंचे कवि” – अखबार की ताकत
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा–
“लोकतंत्र में अखबार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह समाज की अच्छाई-बुराई दोनों को उजागर करता है और समाज को नई दिशा देता है। यही कारण है कि इसे चौथे स्तंभ का दर्जा मिला है। अखबार न केवल विचारों को व्यक्त करता है, बल्कि सामाजिक व आध्यात्मिक मूल्यों को भी लोगों तक पहुंचाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक काम जमीनी हकीकत को सामने लाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम इसका उदाहरण है, जिसमें समाज के दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं और प्रतिभाओं को सामने लाया जाता है।
कोविड काल में पुलिस और सफाईकर्मी बने प्रहरी
श्री तोमर ने कहा–
“कोविड काल में जब परिवारजन भी एक-दूसरे से दूरी बना रहे थे, तब पुलिस और सफाई कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर समाज की रक्षा की। यही कारण है कि वे सम्मान के असली हकदार हैं। पुलिस रोज परीक्षा देती है और उसे ईमानदारी से उत्तीर्ण करती है।”
उन्होंने समाज के प्रत्येक नागरिक से आग्रह किया कि अपनी आय का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा परोपकार में लगाएं।
पुलिस समाज के लिए सुरक्षा कवच: IG खन्ना
पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना ने कहा–
“समाज में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का पहला कर्तव्य है। पुलिस अपने कार्य में इतनी व्यस्त रहती है कि परिवार को भी पूरा समय नहीं दे पाती, लेकिन वफादारी और ईमानदारी से समाज की रक्षा करना ही हमारा ध्येय है।”
समाज कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है पुलिस: DIG पांडे
पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री सुनील पांडे ने कहा कि पुलिस समाज कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस नशा मुक्ति अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सुधार की दिशा में कार्यरत है।
सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह के अंत में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई, इसके बाद सुश्री स्तुति खमपरिया ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
स्थानीय संपादक श्री नितिन त्रिपाठी ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन श्रीमती रेशू जैन एवं श्रीमती रंचना तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री अभिलाष तिवारी ने किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता डा. पीएस ठाकुर, डा. ज्योति चौहान, श्री अभिलाष तिवारी, श्री आकाश तिवारी, श्रीमती रेशू जैन, श्री जमील खान, श्री मुरारी सोनी, श्री पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।