3 सितम्बर 2025 को सागर जिले के राहतगढ़ के पास चौकी में मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने 1 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बने नवनिर्मित अत्याधुनिक सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। यह अवसर क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का क्षण रहा, क्योंकि इस सर्किट हाउस से न केवल अधिकारियों और पर्यटकों को ठहरने की सुविधा मिलेगी, बल्कि राहतगढ़ को एक नई पहचान भी मिलेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि राहतगढ़ को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करना उनका सपना है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि यहां के लोग बड़े शहरों जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इस सर्किट हाउस का निर्माण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यहां आने वाले अतिथियों को घर जैसी सुविधाएं और आराम मिल सकेगा।
सर्किट हाउस की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि इसमें सभी कमरों में एयर कंडीशन, आधुनिक ड्राइंग रूम, डाइनिंग हॉल और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सागर संभाग का सबसे व्यवस्थित और सुसज्जित सर्किट हाउस होगा, जो राहतगढ़ की शान बढ़ाएगा और पर्यटन तथा प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

अपने संबोधन में मंत्री राजपूत ने निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों, अधिकारियों और कांट्रेक्टर की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस भवन का नियमित रखरखाव किया जाए और इसकी सुंदरता और उपयोगिता में किसी भी प्रकार की कमी न आने पाए। उन्होंने कहा कि यहां 24 घंटे दो कर्मचारी मौजूद रहें, ताकि अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने परिसर में लगे पेड़-पौधों की देखभाल और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
मंत्री राजपूत ने अपने संबोधन में भविष्य की विकास योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की वे स्वयं समीक्षा करते हैं, ताकि समय पर गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं लोगों तक पहुंच सकें। उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास के लिए कटिबद्ध है।

लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें साहित्य तिवारी, सोमेश श्रीवास्तव, प्रदीप जैन, भगवानदास कोरी, सरपंच राजेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष प्रियंक तिवारी, सुरेंद्र रघुवंशी, विनोद ओसवाल, विनोद कपूर, रामकुमार यादव, रामनाथ कुर्मी, अमित राय, सतीश तिवारी, श्रीराम देवालिया, दीपक जैन डैनी, नईम मंसूरी, अतीक कुरैशी, रणधीर सिंह, मयंक जैन, अर्पित जैन, उमाशंकर कबीरपंथी, विकास जैन, अभी विश्वकर्मा, पंकज जैन, मुलायम चौधरी, अंकित जैन, याकू मंसूरी, ऋषभ ओसवाल, देवेंद्र यादव, अनुराग पाठक, प्रवीण गोस्वामी, नेकीराम खटीक, तरीक, कप्तान कुशवाहा और प्रभु दयाल पीडी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सर्किट हाउस राहतगढ़ के लिए एक उपलब्धि है। इसके निर्माण से न केवल प्रशासनिक गतिविधियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास की गति तेज होगी। लोगों ने इस भवन को राहतगढ़ की नई शान बताया।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237