पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने किया मार्गदर्शन, जनसेवा को बताया पार्टी का मूल मंत्र
सागर।
सम्माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले देशव्यापी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सागर जिला भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला को प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन ही भारतीय जनता पार्टी की ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का समय है। सेवा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से जनता के बीच पहुँच बनाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।

मंचासीन अतिथिगण
कार्यशाला में पार्टी के जिला प्रभारी श्री श्याम सुंदर शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, प्रदेश मंत्री श्री प्रभु दयाल पटेल, सागर नगर निगम की महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, जिला भाजयुमो अध्यक्ष यश अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष केशरवानी, वरिष्ठ नेता जगन्नाथ गुरैया, निकेश गुप्ता एवं चैन सिंह मंचासीन रहे।
कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देश
भूपेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हर मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जाए। इसमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधरोपण, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों की सेवा, गरीबों को सहायता सामग्री वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी है।

संगठन की एकजुटता पर जोर
जिला प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा और जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से लेकर गांधी जयंती तक चलने वाले इस पखवाड़े में सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन की एकजुटता और मजबूती का संदेश जनता तक पहुँचना चाहिए। महापौर संगीता तिवारी एवं अन्य वक्ताओं ने भी सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहयोग की अपील की।

सेवा ही संकल्प
कार्यशाला का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सेवा ही भाजपा का संस्कार और संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी जी का जीवन प्रेरणा है और उनके जन्मदिवस पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से आम जनता तक यह संदेश पहुँचना चाहिए कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि जनसेवा को सर्वोपरि मानती है।