सेवा पखवाड़ा अभियान : सागर जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा

Spread the love

25 सितम्बर को होगा “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान – कलेक्टर संदीप जी.आर.

सागर, 14 सितम्बर 2025।
सागर जिले में सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत बनाने के लिए 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा अभियान” आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने बताया कि इस अवधि में 13 विभागों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी स्तर पर जनता को शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाना, सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाना है।


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और रक्तदान शिविर

अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के धार जिले के कार्यक्रम से होगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर किया जाएगा। इसी दिन जिलेभर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।


25 सितम्बर को सामूहिक श्रमदान

अभियान का सबसे विशेष दिन 25 सितम्बर होगा, जब “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” की गतिविधि आयोजित की जाएगी। इस दिन जिलेभर में ग्राम एवं शहरी स्तर पर स्वच्छता और श्रमदान अभियान चलेंगे।

  • “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हर परिवार को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • नमो पार्क, नमो उपवन और नमो वन विकास पार्क का उन्नयन किया जाएगा।
  • विश्वकर्मा जयंती पर कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
  • दिव्यांग कल्याण शिविर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएँगे।
  • नशा मुक्ति और जनजागरण के लिए साइकिल रैलियाँ निकाली जाएँगी।
  • पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथकर विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए ऋण वितरण किया जाएगा।

सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियाँ

संस्कृति विभाग 17 से 25 सितम्बर तक विविध कार्यक्रम आयोजित करेगा।

  • 25 सितम्बर को सभी संभागीय मुख्यालयों पर संगीत कार्यक्रम होंगे।
  • जनजाति कार्य विभाग सेवा पर्व मनाएगा।
  • प्रदर्शनी और प्रचार-प्रसार के माध्यम से विभागीय उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान चलाएगा।

  • महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण चुनौतियों की पहचान की जाएगी।
  • स्वास्थ्य शिविरों में एनीमिया, कैंसर, संक्रामक एवं असंक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग होगी।
  • मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
  • गर्भवती महिलाओं की एमएनसी जांच, एनीमिया, सिकल सेल, जेनेटिक बीमारियों, उच्च रक्तचाप और शुगर की जाँच की जाएगी।
  • बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
  • वृद्धजन के लिए मोतियाबिंद, दंत रोग और श्रवण विकार जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग होगी।
  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले विकासखंडों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और रक्तदान करने वाले जिलों को सम्मानित किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण

वन विभाग प्रदेशभर में पौधारोपण अभियान चलाएगा।

  • 8 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।
  • नगर वन, कृषकों के खेतों, बिगड़े हुए वन क्षेत्रों और नदी पुनर्जीवन स्थलों पर विशेष ध्यान रहेगा।
  • बांस मिशन के अंतर्गत किसानों की सहभागिता से वन विकास कार्य होंगे।

स्वच्छता अभियान और जीरो वेस्ट मैनेजमेंट

  • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, मेला बाजार में विशेष स्वच्छता अभियान होंगे।
  • 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा।
  • सरकारी कार्यालयों में भी श्रमदान और साफ-सफाई गतिविधियाँ होंगी।
  • सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे।
  • सभी आयोजन जीरो वेस्ट आधारित होंगे।

कलेक्टर की अपील

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी गतिविधि नहीं है, बल्कि इसमें जनसहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने सभी विभागों को माइक्रो प्लानिंग कर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *