बरौदा सागर में शुरू हुई 10 लाख फलदार पौधे लगाने की योजना !

Spread the love

सागर, मध्यप्रदेश।
प्रदेश के सागर जिले में जल्द ही हरे-भरे वृक्षों के बीच प्रदेश का सबसे बड़ा नमो फ्रूट फॉरेस्ट आकार लेगा। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरौदा सागर में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव रख दी गई है। यहां पर केवल फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे न सिर्फ पर्यावरण को बल मिलेगा, बल्कि ग्रामीणों को रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर भी प्राप्त होगा।

मंत्री राजपूत ने खुद थामा ट्रैक्टर का स्टेयरिंग

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंगलवार को जिला कलेक्टर संदीप जी.आर. के साथ स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। खास बात यह रही कि मंत्री ने खुद ट्रैक्टर चलाकर करीब 3 किलोमीटर तक फ्रूट फॉरेस्ट क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था और पौधों की देखभाल की जानकारी ली।

मंत्री राजपूत ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत शुरू की गई है। शुरुआती चरण में 21 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है, जबकि आगे चलकर 70 एकड़ भूमि पर 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है।

महिलाओं के हाथों में होगा संचालन

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजपूत ने बताया कि यह प्रदेश का पहला फल उद्यान होगा, जहां केवल फलदार पौधे ही लगाए जाएंगे। जब यह परियोजना पूरी तरह विकसित हो जाएगी, तब इसे महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा जाएगा। यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और कुटीर उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

फलदार पौधों से लहलहाएगा बरौदा

फ्रूट फॉरेस्ट में आम, अमरूद, कटहल, आंवला, नींबू, सीताफल और अनार जैसे हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। यह पौधे न केवल स्थानीय लोगों को ताजे फल उपलब्ध कराएंगे, बल्कि प्रदेश में फल उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला को भी नया आयाम देंगे।

मंत्री राजपूत ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पौधों की देखभाल और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा धरोहर बन सके।

प्रशासन को मिले कड़े निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे हों। पौधों की नियमित सिंचाई, देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम रोहित वर्मा, जनपद पंचायत सीईओ राम सोनी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

तालचिरी में भी बन रहा नमो फ्रूट उद्यान

बरौदा के साथ ही तालचिरी में भी 10 एकड़ भूमि पर नमो फ्रूट उद्यान तैयार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले समय में ऐसे फल उद्यान पूरे प्रदेश में विकसित किए जाएं, ताकि ग्रामीण स्तर पर कृषि आधारित उद्योगों का विस्तार हो और किसानों तथा महिलाओं की आय दोगुनी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *