कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देश पर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रविश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बुधवार को बंडा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान तहसीलदार श्री मोहित जैन और ड्रग इंस्पेक्टर श्री मनीष सुमन ने विभिन्न मेडिकल दुकानों पर पहुंचकर नशीली दवाओं की बिक्री, एक्सपायरी स्टॉक और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की।

निरीक्षण में मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता, बिलिंग प्रणाली, और दवा रिकॉर्ड की स्थिति का परीक्षण किया गया। संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि डॉक्टर के पर्चे के बिना किसी भी दवा का विक्रय न किया जाए तथा सभी दवाओं का रिकॉर्ड सही तरीके से संधारित किया जाए।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत मिलती है, तो संबंधित पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।