स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत खुरई में CTU स्थलों का रूपांतरण!

Spread the love

स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े के अंतर्गत खुरई नगरीय क्षेत्र में चिन्हित डंपसाइट स्थलों को आज पूरी तरह रूपांतरित कर स्वच्छ एवं आकर्षक स्वरूप दिया गया। नगर के अलग-अलग स्थानों पर विशेष साफ-सफाई कर रंगोली, चूना लाइन एवं स्वच्छता प्रेरक कलाकृतियों से डंपिंग स्थलों को सजाया गया। इसके साथ ही आसपास के रहवासियों को शपथ दिलाई गई कि अब वे कचरा केवल गाड़ी में ही डालेंगे और इन स्थलों को पुनः गंदगी का अड्डा नहीं बनने देंगे।

कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देशन में हुआ अभियान

स्वच्छता अभियान के नोडल अधिकारी एवं उपयंत्री श्री शैलेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले “स्वच्छोत्सव” अभियान के तहत हर दिन अलग-अलग गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजेश मेहतेले के मार्गदर्शन में आज उन स्थानों को विशेष रूप से साफ कराया गया, जहाँ पहले स्थानीय लोग कचरा फेंकते थे। इन चिन्हित स्थलों को साफ करने के बाद उनका कायाकल्प किया गया और स्वच्छता प्रेरक संदेशों के साथ आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया।

नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखकर विशेष सफाई

नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर में दुर्गा पंडालों, झांकियों, मंदिरों और चौक-चौराहों की विशेष सफाई की जा रही है। साथ ही वार्डों, गलियों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर भी नालियों व रास्तों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है।
पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के विशेष निर्देशों पर दुर्गा उत्सव से जुड़े सार्वजनिक स्थलों पर कीटनाशक, मच्छरनाशी, खरपतवार नाशक दवाओं का छिड़काव और चूना लाइनिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया है। अभियान की सतत मॉनिटरिंग भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा की जा रही है।

नागरिकों से अपील

स्वच्छता टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे घर का कचरा गाड़ी में ही डालें, डंपिंग स्थलों पर न फेंकें और अपने मोहल्ले को स्वच्छ बनाए रखें। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि बीमारियों पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *