बीना। जिले में शुक्रवार को हालात उस समय बेकाबू हो गए जब ब्लैकमेलिंग और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर 30 वर्षीय युवक मोहित पटवा ने आत्महत्या कर ली। मोहित ने फांसी लगाने से पहले दो वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें उसने रश्मि पटवा, सना खान और अनीश खान पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। यही नहीं, वीडियो में उसने अनीश और सना पर हिंदू लड़कियों को धर्मांतरण के लिए टारगेट करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
इस सनसनीखेज घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मालथौन हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब 5 घंटे तक यातायात ठप रहा, हजारों वाहन फंसे और दो से तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

कैसे हुई घटना
- गुरुवार दोपहर मोहित ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की।
- घटना के समय उसकी पत्नी घर पर थी। जब वह रसोई से चाय लेकर लौटीं, तो उन्होंने पति को छत के कुंदे से फंदे पर लटका हुआ पाया।
- सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
- जांच में मोहित की पेंट की जेब से मोबाइल फोन मिला, जिसमें दो वीडियो रिकॉर्डिंग मिली।
- इन वीडियोज में उसने आरोपियों पर ब्लैकमेलिंग, प्रताड़ना और धर्मांतरण के आरोप लगाए।

परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश
- शुक्रवार दोपहर 1 बजे परिजनों ने शव सड़क पर रखकर झांसी-लखनादौन नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया।
- प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो और उनके मकान गिराए जाएं।
- गुस्साई भीड़ ने एक आरोपी के भाई की दुकान में तोड़फोड़ कर उसे ढहा दिया।
- घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।

5 घंटे तक हाईवे रहा जाम
- चक्काजाम के कारण दोनों ओर से हजारों वाहन फंस गए।
- लंबी दूरी के टैंकर, कंटेनर और ट्रक जाम में फंसे रहे।
- करीब दो से तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
- छोटे वाहनों और बसों को पुलिस ने डायवर्ट रूट से निकाला।
प्रशासन की कोशिशें
- मौके पर खुरई एसडीएम मनोज चौरसिया, एसडीओपी खुरई सचिन परते, एसडीओपी बीना नीतीश पटेल सहित कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।
- प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से लगातार समझाइश की।
- शाम 6:15 बजे परिजन और ग्रामीण तब माने जब पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
- इसके बाद धरना खत्म हुआ और जाम खुलवाया गया।
FIR और जांच
- पुलिस ने सना खान, रश्मि पटवा और अनीश खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
- जीआरपी और स्थानीय पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- प्रशासन का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गांव और शहर में तनाव
- घटना के बाद से गांव और शहर में तनावपूर्ण माहौल है।
- लोग इस मामले को धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग से जोड़कर देख रहे हैं।
- परिजनों का आरोप है कि मोहित को लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से परेशान किया जा रहा था।
- वहीं, प्रशासन शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखे हुए है।