सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, साथ ही जीएसटी कटौती की जानकारी जन-जन तक !

Spread the love

मालथौन।
सेवा पखवाड़े के अवसर पर मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक भव्य स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री, पूर्व सांसद एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से पूरे देश में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज की सेवा के साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं का वितरण तथा रक्तदान जैसे परोपकारी कार्य संपन्न हुए। श्री सिंह ने स्वयं शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से चर्चा की और उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं।

इसके बाद श्री भूपेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की भाजपा सरकार द्वारा हाल ही में 390 वस्तुओं पर जीएसटी दरों में की गई कटौती की जानकारी जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मालथौन नगर के मुख्य बाजारों का भ्रमण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं व दुकानदारों से भेंट कर उन्हें बताया कि केन्द्र सरकार का यह निर्णय सीधे तौर पर आम नागरिकों को राहत पहुँचाएगा और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएँ पहले की तुलना में सस्ती मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का हमेशा से लक्ष्य रहा है कि गरीब, किसान, व्यापारी और मजदूर सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा में जोड़ा जाए। बाजार भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पर्चे वितरित कर जीएसटी दरों में की गई कटौतियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल मालथौन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *