बीजिंग विंटर ओलिंपिक 2022 का आख़िरी दिन। तापमान माइनस 21 डिग्री। चारों ओर बर्फीला तूफान और सामने 30 किलोमीटर की क्रॉस-कंट्री स्कीइंग रेस—जिसे दुनिया की सबसे कठिन एंड्योरेंस रेसों में गिना जाता है। लेकिन असली लड़ाई बाहर नहीं, अमेरिका की स्टार स्कीयर जेसी डिगिंस के भीतर चल रही थी।
रेस से महज 30 घंटे पहले फूड पॉइजनिंग ने उनके शरीर को तोड़ दिया था। पानी और ऊर्जा की भारी कमी, पेट में ऐंठन और इतनी कमजोरी कि 10 मिनट की हल्की जॉगिंग भी पूरी नहीं हो पा रही थी। जेसी बताती हैं,
“मैं बिस्तर पर गिरकर रो पड़ी। मम्मी-पापा को फोन किया, लेकिन शब्द नहीं थे—बस इतना कह सकी कि सब कुछ वैसा नहीं हो रहा जैसा होना चाहिए था।”
एक ई-मेल, जिसने दबाव तोड़ दिया
शाम तक शरीर थोड़ा संभला। स्पिन बाइक पर हल्की एक्सरसाइज की, लेकिन मन अब भी डगमग था। अगली सुबह बस में बैठते समय मां का ई-मेल देखा—और वहीं कहानी ने मोड़ लिया।
ई-मेल में लिखा था,
“यह रेस तुम्हें किसी के लिए नहीं करनी है। तुम पर किसी का कोई उधार नहीं है। अगर आज स्की करना है, तो सिर्फ इसलिए क्योंकि तुम्हें इस खेल से प्यार है।”
जेसी कहती हैं, उसी पल दिमाग से दबाव उतर गया। जीत-हार, उम्मीदें, रिकॉर्ड—सब पीछे छूट गए। बचा तो बस खेल के प्रति प्रेम।

रेस की शुरुआत और गिरते हौसले
रेस शुरू हुई। बर्फीली हवाएं शरीर को चाकू की तरह चीर रही थीं। आधा किलोमीटर भी नहीं बीता था कि दूसरी स्कीयर ने रास्ता काटा और जेसी गिर पड़ीं। शुरुआत बेहद खराब थी, लेकिन उन्होंने खुद से कहा—
“अब खोने को कुछ नहीं है, बस दौड़ो।”
पहाड़ी चढ़ाई शुरू होते ही मुश्किलें बढ़ती चली गईं। फीड जोन में ड्रिंक लेते वक्त एक छोटी सी चूक हुई और नॉर्वे की दिग्गज स्कीयर योहॉग काफी आगे निकल गईं। तेज हवा में अकेले स्की करना खतरनाक होता है। कोच चिल्लाते रहे—“अकेली मत रहो!”, लेकिन विकल्प कोई था ही नहीं।
जब शरीर जवाब देने लगा
घुटनों से शुरू हुई ऐंठन पूरे शरीर में फैल गई। आख़िरी लैप तक पहुंचते-पहुंचते सब कुछ धुंधला होने लगा। आवाजें जैसे बंद हो गईं। पानी की कमी और गिरता शुगर लेवल शरीर को धोखा दे रहा था।
1 घंटा 26 मिनट और 37 सेकेंड में जैसे-तैसे फिनिश लाइन पार की। इसके बाद जेसी बर्फ पर ऐसे गिर पड़ीं, मानो किसी ने कठपुतली के धागे काट दिए हों। आंखों के लेंस पुतलियों पर जम चुके थे। सांस बुरी तरह फूल रही थी।
“उस वक्त मुझे अस्पताल जाना चाहिए था,” वे कहती हैं, “लेकिन मैं पोडियम तक गई और सिल्वर मेडल लिया।”
दर्द से बना रिश्ता
तीन वर्ल्ड कप, तीन ओलिंपिक मेडल और सात वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत चुकी जेसी डिगिंस से लोग अक्सर पूछते हैं—इतना दर्द कैसे सह लेती हैं?
उनका जवाब सीधा है—
“संघर्षों ने मुझे निखारा है। बरसों पहले मैंने ईटिंग डिसऑर्डर से जंग लड़ी थी। उस मानसिक पीड़ा के सामने रेस का दर्द कुछ भी नहीं। कम से कम रेस की एक फिनिश लाइन होती है, लेकिन उस बीमारी का कोई अंत नजर नहीं आता था।”
वे साफ कहती हैं—दर्द से जूझना उनकी ताकत है, लेकिन खुद को सज़ा देना उनकी कमजोरी।
खुशी ही असली ताकत है
जेसी मानती हैं कि लोग अक्सर गलत समझते हैं—
“लोग सोचते हैं कि मैं दर्द इसलिए सहती हूं क्योंकि मेरे अंदर कोई अंधेरा है। सच यह है कि मैं दर्द सहती हूं क्योंकि मैं आज़ाद हूं, खुश हूं। जब मन संतुलन में हो, तभी इंसान सबसे गहरा दर्द सह सकता है।”
आख़िरी ओलिंपिक की तैयारी
2026 में इटली में होने वाले विंटर ओलिंपिक जेसी डिगिंस के करियर का आख़िरी ओलिंपिक होंगे। वे कहती हैं—
“मैं आंखों में चमक और दिल में वही पुराना जुनून लेकर उतरूंगी। फेफड़े जलेंगे, मांसपेशियां आग की तरह दहकेंगी, लेकिन मुझे कोई पछतावा नहीं होगा। मैं जानती हूं कि मैंने अपना सब कुछ इस बर्फ को दिया है।”
क्यों सबसे कठिन है यह रेस
मिशिगन यूनिवर्सिटी की फिजियोलॉजिस्ट डॉ. लॉरा रिचर्ड्सन बताती हैं,
“क्रॉस-कंट्री स्कीइंग शरीर की सहनशक्ति की सबसे बड़ी परीक्षा है। कड़ाके की ठंड में हाथ-पैर, फेफड़े और दिल एक साथ चरम पर काम करते हैं। खिलाड़ी अक्सर दृष्टि खोने और बेहोशी की कगार तक पहुंच जाते हैं। मांसपेशियों के ऊतक फट सकते हैं और शुगर का स्तर खतरनाक रूप से गिर सकता है। इस स्थिति से उबरने में हफ्तों लग जाते हैं।”
सबक
जेसी डिगिंस की कहानी सिर्फ एक मेडल की नहीं, बल्कि यह याद दिलाने वाली कहानी है कि
शरीर का दर्द क्षणिक होता है, लेकिन मानसिक हार का पछतावा उम्रभर साथ चलता है।
और सच यही है—
मन खुश हो, तो इंसान सबसे गहरा दर्द भी सह सकता है।