टी-20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाक मैच पर फिर बनी उम्मीद !

Spread the love

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान के बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से औपचारिक अपील करते हुए इस हाई-वोल्टेज मैच के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक PCB इस मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार से बातचीत करने जा रहा है और 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मुकाबले पर सोमवार तक अंतिम फैसला आ सकता है।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि भारत-पाक मैच नहीं होता है तो टूर्नामेंट को भारी आर्थिक नुकसान होगा और इसकी वैश्विक छवि भी प्रभावित होगी।


श्रीलंका की दो टूक: मैच नहीं हुआ तो रेवेन्यू पर सीधा असर

भारत के साथ संयुक्त मेजबानी कर रहा श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इस मुकाबले को टूर्नामेंट की जान मानता है। SLC ने PCB को भेजे मेल में लिखा है—
“भारत-पाकिस्तान मैच ICC टूर्नामेंट्स का सबसे बड़ा कमर्शियल मुकाबला होता है। इसके नहीं होने से टिकट बिक्री, ब्रॉडकास्ट राइट्स और हॉस्पिटैलिटी से होने वाली अतिरिक्त कमाई खत्म हो जाएगी।”

SLC का मानना है कि यह सिर्फ श्रीलंका या पाकिस्तान का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट और इंटरनेशनल क्रिकेट के इकोसिस्टम से जुड़ा मामला है।


पाकिस्तान-श्रीलंका के रिश्ते बने उम्मीद की वजह

सरकारी और क्रिकेट स्तर पर पाकिस्तान और श्रीलंका के रिश्ते लंबे समय से अच्छे रहे हैं। इसी वजह से माना जा रहा है कि PCB श्रीलंका की इस अपील को हल्के में नहीं लेगा।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शमी सिल्वा ने खुद PCB चीफ मोहसिन नकवी से संपर्क कर इस मुद्दे पर बातचीत की है।

सूत्रों के मुताबिक, मोहसिन नकवी ने भरोसा दिलाया है कि वह पाकिस्तान सरकार से इस फैसले पर चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में यह खबर गलत है कि पाकिस्तान ने श्रीलंका की अपील खारिज कर दी है। मोहसिन नकवी फिलहाल विदेश दौरे पर थे और आज स्वदेश लौट रहे हैं।


सरकार की मंजूरी, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने से इनकार

1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने PCB को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति तो दे दी थी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था।
सरकार ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा था—
“पाकिस्तान सरकार वर्ल्ड T20 2026 में भाग लेने की मंजूरी देती है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।”

इस फैसले के पीछे बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने का मुद्दा भी बताया गया, जब बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताएं जताई थीं।


ICC भी चाहता है पुनर्विचार

पाकिस्तान सरकार के फैसले के कुछ ही घंटों बाद ICC ने देर रात मीडिया रिलीज जारी कर कहा था—
“हम PCB के आधिकारिक कन्फर्मेशन का इंतजार कर रहे हैं। ICC सरकारों के फैसलों का सम्मान करता है, लेकिन पाकिस्तान का यह फैसला वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम को प्रभावित करेगा।”

ICC ने उम्मीद जताई है कि PCB सभी स्टेकहोल्डर्स—ब्रॉडकास्टर्स, होस्ट बोर्ड्स और फैन्स—को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर फिर से विचार करेगा।


श्रीलंका ने पहले भी निभाया था साथ

श्रीलंका ने पाकिस्तान के साथ अपने रिश्तों का हवाला भी दिया है।
पिछले साल नवंबर में सुरक्षा चिंताओं के बावजूद श्रीलंकाई सरकार ने अपनी टीम को पाकिस्तान दौरा पूरा करने का निर्देश दिया था। उस वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3-0 से हराया था।
2025 में भी श्रीलंका ने पाकिस्तान का दौरा किया था, जब दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को मजबूती मिली थी।


भारत तय शेड्यूल पर श्रीलंका जाएगा

BCCI सूत्रों ने साफ किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी।
टीम इंडिया 15 फरवरी को श्रीलंका पहुंचेगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पालन करेगी। भारत-पाक मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी और ICC द्वारा लिया जाएगा।


ग्रुप स्टेज पर भी असर

यदि भारत-पाक मैच नहीं होता है तो दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में सिर्फ 3-3 मुकाबले ही खेलेंगी।

  • पाकिस्तान पहले ही नीदरलैंड को 7 फरवरी को हरा चुका है और अब अमेरिका (10 फरवरी) व नामीबिया (18 फरवरी) से भिड़ेगा।
  • भारत 7 फरवरी को अमेरिका, 12 फरवरी को नामीबिया और 18 फरवरी को नीदरलैंड से खेलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *