सागर, 10 अक्टूबर 2025:
शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सागर में देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माण कंपनी मारुति सुजुकी मोटर्स इंडिया लिमिटेड, खरखोड़ा (सोनीपत, हरियाणा) के सहयोग से एक भव्य कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्था के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ और इसमें सागर संभाग के सभी शासकीय आईटीआई संस्थानों के 234 प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में प्रशिक्षार्थियों ने विभिन्न तकनीकी ट्रेडों जैसे फिटर, मशीनिष्ट, टर्नर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक्स, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, वेल्डर आदि में अपनी प्रतिभा दिखाई।
मारुति सुजुकी मोटर्स की ओर से आए कंपनी प्रतिनिधि श्री रवि कुमार ने अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षण और व्यक्तिगत साक्षात्कार (Interview) लिया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित रही। परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर कुल 182 प्रशिक्षणार्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित उम्मीदवारों को ₹32,500/- मासिक वेतनमान पर नौकरी का अवसर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीआई सागर के प्राचार्य श्री अशोक डागौर ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,
“हमारे प्रशिक्षणार्थियों की मेहनत, अनुशासन और तकनीकी दक्षता ने सिद्ध किया है कि ऐसे रोजगार अवसर युवाओं के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में सहायक होंगे।”

संस्थान के प्रशिक्षण अधीक्षक श्री रमन दुबे ने चयनित सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस कार्यक्रम में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी श्री परमानंद सेन ने सम्पूर्ण प्रक्रिया का कुशलतापूर्वक संचालन किया। उनके नेतृत्व में श्री नितिन खरे, श्री धर्मेंद्र बाइकर, श्री आशीष त्रिपाठी, तथा मेहमान प्रवक्ताओं श्री हिमांशु साहू, श्री सचिन राही और श्री अमित विश्वकर्मा ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों में गजब का उत्साह देखा गया। चयनित विद्यार्थियों ने संस्था प्रशासन और प्रशिक्षण अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा,
“आईटीआई सागर ने हमें केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और रोजगार के अवसर प्राप्त करने की क्षमता भी प्रदान की है।”
ट्रेनिंग अधिकारी परमानंद सेन ने बताया कि आईटीआई सागर लगातार उद्योगों के साथ साझेदारी को मजबूत कर रहा है ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिकतम अवसर मिल सकें। आने वाले महीनों में संस्था सुजुकी मोटर्स, होंडा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ भी प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने की रूपरेखा तैयार कर रही है।

आज का यह आयोजन संस्था के इतिहास में सफल और यादगार दिवस के रूप में दर्ज हुआ। 182 प्रशिक्षार्थियों का चयन न केवल सागर संभाग के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर भी साबित होगा।
संस्थान के प्राचार्य, प्रशिक्षण अधीक्षक और समस्त स्टाफ ने चयनित अभ्यर्थियों को भविष्य में और अधिक सफलता प्राप्त करने की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237