इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिसकर्मी से विवाद करने वाले इन्फ्लुएंसर सोनू उर्फ पंकज वर्मा और उनके साथी शुक्रवार को क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे और एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के सामने माफी मांगी। इस दौरान विवाद में शामिल उनके दो अन्य साथी भी मौजूद थे।
सोनू वर्मा, आदित्य वैष्णव और उनके साथियों ने कहा कि गुस्से में आकर उन्होंने हीरानगर के पुलिसकर्मी से बहस की और बदतमीजी कर बैठ गए। उन्होंने पुलिस द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वचन दिया।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने उन्हें समझाते हुए कहा कि वे समाज के सामने एक अच्छा उदाहरण पेश करें और इस तरह का कंटेंट या गलतियां न दोहराएं। इसके बाद सभी को हीरानगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोनू वर्मा और आदित्य वैष्णव ने मंगलवार रात ‘द जंगल कैफे’ के पास हेड कांस्टेबल गोरख खेम से बदसलूकी की थी। दोनों ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने की धमकी दी और माफी मांगने का दबाव बनाया। उन्होंने एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने से भी रोका।
इस घटना के अगले दिन वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सोनू वर्मा और उनके साथियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा, सोनू वर्मा के खिलाफ लसूड़िया थाने में पहले से ही गांजा पीने का मामला दर्ज है।