ग्वालियर: नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में खराब ट्रैक से छात्र घायल, परिजन नाराज !

Spread the love

ग्वालियर के आईटीएम ग्लोबल स्कूल में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) और डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन के संयुक्त आयोजन में नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप चल रही है। इस चैंपियनशिप में देश भर के लगभग 25 राज्यों की 30 यूनिट के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 25 दिसंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक चलेगी।

हालांकि, आयोजन स्थल पर स्केटिंग ट्रैक बेहद खराब स्थिति में है। ट्रैक ऊबड़-खाबड़ है और इसमें कई बड़ी दरारें हैं। इस कारण पहले ही दिन कई छात्र गिरकर घायल हो गए। झारखंड से आए CBSE यूनिट के 13 वर्षीय छात्र लावयांश पांडेय भी इसी ट्रैक पर गिरकर घायल हो गए, उनके चेहरे पर कट लग गया। घायल छात्र को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई।

परिजनों का कहना है कि अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं, लेकिन उनकी जानकारी सार्वजनिक नहीं हो रही। ट्रैक पर आई बड़ी दरारों को सीमेंट से भरने का प्रयास किया गया, लेकिन यह पर्याप्त नहीं रहा।

झारखंड की टीम के एचओडी सुमित शर्मा ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं। खाने-पीने और अन्य सुविधाओं में भी खामी है, जिससे बच्चे और उनके कोच बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्केटिंग कोर्ट की स्थिति प्रतियोगिता के स्तर के अनुरूप नहीं है और बच्चों की सुरक्षा को खतरा है।

इस दौरान शिक्षा विभाग के ज्वॉइंट डायरेक्टर अरविंद सिंह का कहना था कि उन्हें ट्रैक में कोई कमी नजर नहीं आई। जब मीडिया ने वीडियो दिखाने की कोशिश की, तो उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

परिजन और कोच दोनों इस आयोजन की व्यवस्थाओं से बेहद नाराज हैं, लेकिन किसी विवाद से बचने के लिए अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *